अफ्रीकी क्वालिफायर में अपराजित रहते हुए रचा इतिहास
तंज़ानिया की अंडर-19 पुरुष क्रिकेट टीम ने क्रिकेट फैंस को चौंकाते हुए पहली बार ICC U19 Men’s Cricket World Cup 2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। नाइजीरिया में हुए अफ्रीका क्षेत्रीय क्वालिफायर में टीम ने पांचों मैच जीतकर शानदार प्रदर्शन किया और 10 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया।
कप्तान लक्ष बक्रानिया फिर बने हीरो
टीम के कप्तान लक्ष बक्रानिया ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से टीम को आगे बढ़ाया। अपने ऐतिहासिक क्वालीफिकेशन पर उन्होंने कहा:
“मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता कि ये कैसा एहसास है। तंज़ानिया ने पहली बार वर्ल्ड कप में जगह बनाई है – यह हम सबके लिए गर्व का पल है।”
नामीबिया और केन्या को पछाड़ा
तंज़ानिया ने न सिर्फ मुकाबले जीते, बल्कि नामीबिया और केन्या जैसी अनुभवी टीमों को पीछे छोड़कर यह साबित कर दिया कि उनका क्रिकेट अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चुनौती देने को तैयार है।
2026 वर्ल्ड कप में दिखेगा तंज़ानिया का जलवा
अब तंज़ानिया की टीम 2026 में होने वाले अंडर-19 वर्ल्ड कप में खेलेगी, जिसमें फुल मेंबर देश और मेज़बान जिम्बाब्वे भी शामिल होंगे। यह उपलब्धि तंज़ानिया क्रिकेट के विकास की बड़ी पहचान है।